Showing posts with label गज़ल. Show all posts
Showing posts with label गज़ल. Show all posts

Saturday, July 14, 2012

सरोज कांत झा की पांच ग़ज़लें


सरोज कांत झा की पांच ग़ज़लें

ग़ज़ल -1
 
रूठ के चल दिये जमाने से।
काश! आ जाते तुम मनाने से।।

हाथ छुटा और साथ अपना छुट गया
अब क्या हो अपनापन जताने से

कैसा चढ़ा है जुनून, है ये कैसी सनक
रौशनी होती नहीं घर को जलाने से

तुम मुझे लाख दो बद्दुआ ये मेरे रकीब
हस्ती मिटती नहीं है मिटाने से

क्यू करू मैं किसी से कोर्इ शिकवा-गिला
दर्द होता नहीं है कम दिखाने से

जो हुआ उसको अपना मुक्कदर ही कहा
गम का सबब न पूछो तुम दिवाने से


ग़ज़ल -2

जब किसी से कोर्इ गिला रखना
हो सके तो रोज उनसे मिला करना

हाथ छुटे तो रिश्ते नहीं छुटे हमदम
बस अपने दिल को तुम मिला रखना

रोज लिखते हैं दर्द के उजालों में
बस अपने दर्दों का ये सिलसिला रखना

कौन किसका हुआ है इस जमाने में
बुरे वक्त में बस तुम हौसला रखना

कबतक प्यासे रहे हम तेरे दर पे
अश्क न सही तो जहर ही पिला रखना


ग़ज़ल -3

इन परिंदों को जरा सा पर दे दो।
हम गरीबों को अपना कोर्इ घर दे दो।।

माना है तुझको अपना साथी, माना है मसीहा
भूले से सही इक नजर दे दो

बड़ें जालिम हो, बेखौफ होकर घुमते हो
ये खुदा इनको जरा सा डर दे दो

हर हाथों में मशाल हो, जुबांन पर इंकलाब
इस मुल्क में ऐसी गदर दे दो

ये तेरा है, ये मेरा है सब कहते हैं
सबका हो अपना इक शहर दे दो


ग़ज़ल - 4

उम्मीदों पर खरा उतरने का हर बार मैंने प्रयास किया।
अपनों के बीच अपनों को मैंने तलाश किया।।

ये क्या कि हम हर कदम पर मिटते गये
और वो मेरे मरने का उपहास किया

कब तलक़ मैं चोट खाकर हंसने का स्वांग करूं
छलक पड़ते हैं आंसू मेरे जब अपनो ने निराश किया

विराने में मरता तो गम न होता ये खुदा            
अपनों के बीच ही मैं इक जिंदा लाश हुआ

बेगाने ने दगा दी, दर्द दी कोर्इ बात नहीं
गम तो ये हैं कि प्यास बुझाने वालों ने प्यास दिया

ग़ज़ल - 5


आया हूँ तेरे शहर में अजनबी की तरह
अपना ले या मुझकों ठुकरा दे तू सभी की तरह

मैं इक ख़्वाब नहीं हूँ आसंमा के जैसा
मैं हकीकत हूँ इस जमीं की तरह

दोस्त है, महफिल है, है शानो-शौकत बहुत
पर तेरे बिन जिंदगी में है कुछ कमी की तरह

तुम शौक से बनो खुदा या बनो मसीहा
मैं आदमी हूँ, रहूँगा आदमी की तरह

बदल जाये हालात तो हकीकत नहीं बदलते
तुम मेरी आंखों में हो नमी की तरह 

ग़ज़लकार का संक्षिप्त परिचय

नाम: सरोज कांत झा
पत्राचार: जयप्रकाशनगर, पोस्ट आफिस: भुरकुण्डा बाजार
थाना: भुरकुण्डा जिला: रामगढ़(झारखण्ड)
मोबार्इल नंबर: 9431394154



Wednesday, June 20, 2012

श्यामल सुमन की दो ग़ज़ले

अनुभूति


कभी जिन्दगी ने मचलना सिखाया

मिली ठोकरें तो सम्भलना सिखाया



जीना सम्भलकर कठिन जिन्दगी में

उलझ भी गए तो निकलना सिखाया



रंगों की महफिल है ये जिन्दगी भी

गिरगिट के जैसे बदलना सिखाया



सबकी खुशी में खुशी जिन्दगी की

खुद की खुशी में बहलना सिखाया



बहुत दूर मिल के भी क्यों जिन्दगी में

सुमन फिर भ्रमर को टहलना सिखाया



बेबसी


बात गीता की आकर सुनाते रहे

आईना से वो खुद को बचाते रहे



बनते रावण के पुतले हरएक साल में

फिर जलाने को रावण बुलाते रहे



मिल्कियत रौशनी की उन्हें अब मिली

जा के घर घर जो दीपक बुझाते रहे



मैं तड़पता रहा दर्द किसने दिया

बन के अपना वही मुस्कुराते रहे



उँगलियाँ थाम कर के चलाया जिसे

आज मुझको वो चलना सिखाते रहे



गर कहूँ सच तो कीमत चुकानी पड़े

न कहूँ तो सदा कसमसाते रहे



बेबसी क्या सुमन की जरा सोचना

टूटने पर भी खुशबू लुटाते रहे

Friday, April 16, 2010

ग़ज़ल

कर रहे थे मौज-मस्ती.........

-डॉ० डंडा लखनवी

कर रहे थे मौज-मस्ती जो वतन को लूट के।
रख दिया कुछ नौजवानों ने उन्हें कल कूट के।।

सिर छिपाने की जगह सच्चाई को मिलती नहीं,
सैकडों शार्गिद पीछे चल रहे हैं झूट के।।

तोंद का आकार उनका और भी बढता गया,
एक दल से दूसरे में जब गए वे टूट के।।

मंत्रिमंडल से उन्हें किक जब पड़ी ऐसा लगा-
गगन से भू पर गिरे ज्यों बिना पैरासूट के।।

शाम से चैनल उसे हीरो बनाने पे तुले,
कल सुबह आया जमानत पे जो वापस छूट के।।

फूट के कारण गुलामी देश ये ढ़ोता रहा-
तुम भी लेलो कुछ मजा अब कालेजों से फूट के।।

अपनी बीवी से झगड़ते अब नहीं वो भूल के-
फाइटिंग में गिर गए कुछ दाँत जबसे टूट के।।

फोन पे निपटाई शादी फोन पे ही हनीमून,
इस क़दर रहते बिज़ी नेटवर्क दोनों रूट के॥

यूँ हुआ बरबाद पानी एक दिन वो आएगा-
सैकड़ों रुपए निकल जाएंगे बस दो घूट के।।

Friday, February 26, 2010

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी एवं होली की शुभकामनाएँ...

श्यामल सुमन, जमशेदपुर

श्यामल सुमन की दो कविताएँ


खून से मँहगा लगता पानी

जब आँखों से रिसता पानी
कुछ न कुछ तब कहता पानी

प्रियतम दूर अगर हो जाए
तब आँखों से बहता पानी

पानी पानी होने पर भी
कम लोगों में रहता पानी

कभी कीमती मोती बनकर
टपके बूंद लरजता पानी

तीन भाग पानी पर देखो
न पीने को मिलता पानी

चीर के धरती के सीने को
कितना रोज निकलता पानी

ऐसे हैं हालात देश के
खून से मँहगा लगता पानी

कुम्हलाता है रोज सुमन अब
जड़ से दूर खिसकता पानी


माँ


मेरे गीतों में तू मेरे ख्वाबों में तू,
इक हकीकत भी हो और किताबों में तू।
तू ही तू है मेरी जिंदगी ।
क्या करूँ माँ तेरी बंदगी ।।

तू न होती तो फिर मेरी दुनिया कहाँ?
तेरे होने से मैंने ये देखा जहाँ।
कष्ट लाखों सहे तुमने मेरे लिए,
और सिखाया कला जी सकूँ मैं यहाँ।
प्यार की झिरकियाँ और कभी दिल्लगी।
क्या करूँ माँ तेरी बंदगी ।।

तेरी ममता मिली मैं जिया छाँव में।
वही ममता बिलखती अभी गाँव में।
काटकर के कलेजा वो माँ का गिरा,
आह निकली उधर, क्या लगी पाँव में?
तेरी गहराइयों में मिली सादगी।
क्या करूँ माँ तेरी बंदगी ।।

गोद तेरी मिले है ये चाहत मेरी।
दूर तुमसे हूँ शायद ये किस्मत मेरी।
है सुमन का नमन माँ हृदय से तुझे,
सदा सुमिरूँ तुझे हो ये आदत मेरी।
बढ़े अच्छाइयाँ दूर हो गंदगी ।
क्या करूँ माँ तेरी बंदगी ।।